The Digital Teacher : नवापारा मिडिल स्कूल में मनाया गया बाबा साहेब अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस...

नवापारा मिडिल स्कूल में मनाया गया बाबा साहेब अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस...







आज 6 दिसंबर 2022 सोमवार को शास.पूर्व माध्य शाला नवापारा (अमोदा) में भारतीय संविधान के निर्माता विश्वरत्न बोधिसत्व डा. भीमराव बाबा साहेब अंबेडकर का महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया। इस दौरान मौन धारण कर तैलचित्र पर धूप दीप प्रज्जवलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी तथा डिजिटल कक्ष में बाबा साहब के जीवनी पर आधारित चलचित्र का प्रदर्शन करते हुए शिक्षकों ने डा. अंबेडकर के जीवन-वृत्त पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के संयोजक राजेश कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि बाबा साहब ने श्रमिकों से लेकर किसान और महिलाओं के अधिकार के लिए काम किया है। इस वजह से आज बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर समूचा विश्व उन्हें नमन कर रहा है। उनके द्वारा दिया गया संविधान विश्व का सर्वाेपरि संविधान है जो सभी वर्गों के लिए लागू होता है। बाबा साहेब ने जीवन भर संघर्ष किया, लेकिन उन संघर्षों ने उनके व्यक्तित्व को खरा कुंदन बना दिया। शिक्षक राजेश कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि अस्पृश्यता एक अप्राकृतिक भाव है। जैविक रूप से प्रत्येक मनुष्य समान है। बावजूद इसके हमारे समाज में जाति और वर्ण की समानता को लेकर चेतना का अभाव था। बाबा साहब एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने अत्यंत तार्किक ढंग से हमें इस बात को समझाया कि सबको समान अवसर एवं समान सम्मान मिलना चाहिए। उनका पूरा जीवन जातिवाद को खत्म करने, गरीबों, दलितों और पिछड़े वर्गों के लिए अर्पित किया था। शिक्षक कन्हैया लाल मरावी ने अपने संबोधन में बताया कि आज के समय में भी डा. आंबेडकर के विचार उतने ही प्रासांगिक हैं, जितने स्वतंत्रता के समय थे। हमें उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाना होगा, तभी हमारा देश प्रगति पथ पर आगे बढ़ सकेगा। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में सभी ने संकल्प लिया कि अंबेडकर की सीखों को जीवन में उतारकर पढ़ाई लिखाई के क्षेत्र में नव प्रतिमान दर्ज करेंगे।




No comments:

Post a Comment

डिजिटल स्कूल में दीक्षांत समारोह के साथ परीक्षाफल की घोषणा, बच्चों को बांटे गये अंकसूची...

नवागढ़ ब्लाक के शास.पूर्व माध्य.शाला नवापारा (अमोदा) में शिक्षा सत्र के अंतिम दिवस आज 29 अप्रैल शनिवार को प्रगति पत्रक वितरण सह दीक्षांत समार...